वैवाहिक विवाद को सुलझाने के लिए विधायक के कार्यालय में बुलाई गई पंचायत में जमकर चली लाठियां व कस्सियां

दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल

गुहला चीका,
एक वैवाहिक विवाद को सुलझाने के लिए विधायक कुलवंत बाजीगर के कार्यालय में बुलाई गई पंचायत में जमकर लाठियां, डंडे व कस्सियां चली। झगड़े में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। झगड़े के वक्त विधायक कार्यालय में मौजूद नहीं थे। घायल हुए दोनों पक्षों को गुहला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया मगर वहां से एक पक्ष रहस्यमय ढंग से गायब हो गया।
विधायक कुलवंत बाजीगर के पीए नरेश चहल द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक बयान के अनुसार गांव चाबा की एक लड़की की शादी टोहाना में हुई थी। दोनों पक्षों में विवाद था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए विधायक बाजीगर ने अपने कार्यालय में रविवार को दोनों पक्षों की पंचायत बुलाई थी। मगर विधायक को घरौंडा रैली में जाना पड़ गया। पीछे से दोनों पक्षों में आपसी तनातनी हो गई।
चाबा निवासी दर्शन राम बाजीगर ने बताया उसने अपनी लड़की रानी की शादी लगभग दस साल पहले टोहाना के सुभाष के साथ की थी। रानी के दो बच्चे है। उसका पति अकसर रानी के साथ मारपीट करता था, जिसके बाद लड़की अपने मायके चाबा में आ गई थी। दर्शन राम ने बताया कि लड़की को अपनी ससुराल में बसाने के लिए पहले कई बार कोर्ट कचहरी हो चुके हैं तथा अनेकों बार बिरादरी की पंचायतें भी हो चुकी हैं। दर्शन राम ने बताया कि आज की पंचायत भी विधायक के भाई हरमेल बाजीगर ने विधायक कार्यालय में बुलाई थी। अभी वे पंचायत में पहुंचे ही थे कि लड़का पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में दर्शन राम, लड़की रानी देवी, उसकी मां किल्लो देवी व भाई रमेश को चोटें आई है। वहीं लड़का पक्ष के टोहाना निवासी वसू राम, बेअंत राम, सुभाष, रांझा राम के भी घायल होने की बात सामने आई है।

कोई जवाब दें

Please enter your comment!
Please enter your name here